Fri. Nov 27th, 2026

सिद्धार्थनगर:मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 180 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने दिया आशीर्वाद

सिद्धार्थनगर:मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 180 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने दिया आशीर्वाद

सिद्धार्थनगर। जिले के बीएसए कार्यालय के पास परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इसमें जिले के 180 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन तथा समन्वय विभाग के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर, डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल, कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही, जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सामूहिक विवाह समारोह में हिंदू समुदाय के 141, बौद्ध धर्म के 23 तथा मुस्लिम समुदाय के 16 जोड़ों का विवाह उनके धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न
कराया गया। हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडितों ने कराया, जबकि मुस्लिम जोड़ों का मौलानाओं ने निकाह पढ़ाया। बौद्ध रीति-रिवाजों के अनुसार भी विवाह की रस्में पूरी कराई गईं।

मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संकल्प है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी गरीब की बेटी की शादी न रुके। सरकार बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी निभाते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक नए जीवन की शुरुआत का अवसर दे रही है। पहले शादी के लिए 20 हजार रुपये का अनुदान दिया जाता था, लेकिन अब सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि कोई गरीब भूखा न रहे। सरकार निःशुल्क राशन सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को सुख, समृद्धि और खुशहाल जीवन का आशीर्वाद दिया।इस सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन की सराहना की।

सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में जिला प्रशासन ने सामूहिक विवाह का भव्य आयोजन कर गरीब परिवारों की बेटियों की शादी की चिंता दूर की है। ऐसे आयोजन सामाजिक समानता और आपसी सौहार्द का संदेश देते हैं। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 6957 शादियां मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से संपन कराई जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित यह समारोह समानता और सामाजिक समरसता की भावना को भी मजबूत करता है। सांसद ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि उन्हें रोजगार और प्लेसमेंट से जोड़ने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गरीब परिवारों के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही हैं। आवास, निःशुल्क खाद्यान, गैस सिलिंडर और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जरूरतमंदों को लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत है।

जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह ने कहा कि यह केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी निभाने का सामाजिक संकल्प है।भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य ने भी योजना को गरीबों के सम्मान और समानता की दिशा में सराहनीय पहल बताया।

मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक वधू के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से 64 हजार रुपये भेजे जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त 21हजार रुपये की वैवाहिक सामग्र उपलब्ध कराई गई है, जबकि 15 हजार रुपये बारातियों के स्वागत सत्कार पर व्यय किए गए हैं। नवविवाहित जोड़ों को कपड़े, साड़ी डिनर सेट, प्रेशर कुकर, ट्रॉली बैंग सीलिंग फैन, प्रेस, बर्तन, बिस्तर कंबल, गद्दे, तकिये सहित दैनिक उपयोग की विभिन्न सामग्री प्रदान की गई। इसके साथ ही मिठाई औन मेवा भी दिए गए। इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने भी नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार क्षेत्राधिकारी नौगढ़ विश्वजीत सौरयान, उपजिलाधिकारी नौगढ़ निखिल चक्रवर्ती, डीसी मनरेग संदीप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशास अधिकारी, जनप्रतिनिधि, वर-वधू के परिजन और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *