Fri. Oct 2nd, 2026

तृतीय संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ: आगामी 31 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

तृतीय संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ: आगामी 31 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

News17 India संवाददाता कौशलेष मिश्र की रिपोर्ट…,

सिद्धार्थनगर। जिले में संचारी रोगों के प्रभावी नियंत्रण के लिए वर्ष 2026 के तृतीय संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ बुधवार को विकास भवन परिसर से किया गया। विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ पंचायत राज, माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा, पशुपालन, दिव्यांगजन सशक्ती करण,आईसीडीएस, कृषि, नगर विकास, उद्यान तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन से दिमागी बुखार के मामलों में काफी कमी आई है और इससे होने वाली मृत्यु दर भी लगभग शून्य तक पहुंची है।

जनपद में भी 01अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक माइक्रोप्लान के अनुसार अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, जलभराव का निस्तारण तथा मच्छरजनित रोगों से बचाव के लिए आवश्यक उपाय किए जाएंगे। दस्तक अभियान के तहत 12 से 31 अक्टूबर तक आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ओर से घर-घर भ्रमण किया जाएगा। इस दौरान बुखार के रोगियों, आईएलआई एवं एआरआई जैसे लक्षण वाले मरीजों तथा टीबी के संभावित रोगियों की पहचान की जाएगी। इसके साथ ही मच्छरों के प्रजनन स्थलों और कुपोषित बच्चों को भी चिह्नित किया जाएगा। चिह्नित मरीजों एवं बच्चों को आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम में डुमरियागंज सांसद के प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. संजय कुमार दोहरे समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *