आइटीआइ को उद्योगों से जोड़कर युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों को बढ़ाएं- सीएम योगी
अनुदेशकों की भर्ती में नियमित नियुक्ति में अनुभव का वेटेज देने का हो प्रविधान,मंडल मुख्यालयों पर लगेंगे रोजगार मेले- सीएम योगी
नियमित रोजगार मेले लगाए जाएं, ताकि प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिल सकें- सीएम योगी
लखनऊः गुरुवार को समीक्षा बैठक करते सीएम योगी आदित्यनाथ:
सीएम योगी ने कहा कि युवाओं को प्रशिक्षण के बाद सीधे रोजगार से जोड़ने के लिए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आइटीआइ) को उद्योगों की आवश्यकतानुसार तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग की कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए आइटीआइ व उद्योगों में बेहतर तालमेल बनाने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगों की जरूरत के मुताबिक पाठ्यक्रम और प्रशिक्षण तैयार किए जाएं। अप्रेंटिसशिप और कार्यस्थल पर प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के साथ प्रत्येक मंडल मुख्यालय पर नियमित रोजगार मेले लगाए जाएं, ताकि प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिल सकें।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा केवल प्रदेश या देश में रोजगार तक कौशल प्रशिक्षण को सीमित न रखा जाए, बल्कि युवाओं को वैश्विक रोजगार के लिए भी तैयार किया जाए। इसके लिए भाषा प्रशिक्षण को मजबूत करने और आइटीआइ तथा उद्योगों के बीच लगातार संवाद की व्यवस्था करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने आइटीआइ में अनुदेशकों की कमी दूर करने के लिए चयन प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। निर्देश दिए कि नियमित नियुक्ति में चयनित अनुदेशकों के अनुभव और किए गए कार्य के आधार पर वेटेज देने का प्रविधान किया जाए।

