मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में 31 मरीजों का हुआ उपचार,डॉक्टर ने घाव का किया सफल उपचार
मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में डॉ. सी.बी. पाण्डेय ने मरीजों का परीक्षण करते हुए विभिन्न रोगों का किया उपचार
महराजगंज/फरेंदा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरेंदा के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महादेवा दुबे में रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में रिपोर्ट लिखे जाने तक कुल 31 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया।चिकित्साधिकारी डॉ. सी.बी. पाण्डेय ने मरीजों का परीक्षण करते हुए विभिन्न रोगों का उपचार किया। इस दौरान अभय (13 वर्ष) हाथ में लकड़ी लगने से हुए गंभीर पसयुक्त घाव के साथ अस्पताल पहुंचा। डॉ. सी.बी. पाण्डेय एवं फार्मासिस्ट दिनेश चौधरी ने घाव पर चीरा लगाकर मवाद निकाला तथा ड्रेसिंग कर आवश्यक उपचार किया। इसके बाद मरीज को दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
चिकित्साधिकारी डॉ. सी.बी. पाण्डेय द्वारा आरोग्य मेले में मधुमेह (शुगर) की जांच भी की गई तथा आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। पुराने ब्लड प्रेशर के मरीज जगरनाथ की जांच कर उन्हें दवा दी गई। वहीं गैस्ट्रो संबंधी बीमारी से पीड़ित अंशिका (21 वर्ष) पेट दर्द, दस्त और उल्टी की शिकायत लेकर पहुंचीं,जिनका उपचार किया गया। वहीं चर्म रोग विभाग में महिमा, अर्चिता और पुष्पा सहित कई मरीजों का इलाज किया गया। इसके अलावा सामान्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों ने भी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।मेले में फार्मासिस्ट दिनेश चौधरी ने मरीजों को निःशुल्क दवाओं का वितरण किया।
इस अवसर पर एएनएम किरण सिंह, लैब टेक्नीशियन ऋषिकेश गुप्ता, वार्ड बॉय आलोक शुक्ला तथा चौकीदार आनंद सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को निःशुल्क जांच, उपचार और दवा उपलब्ध कराई गई।

