लखनऊ: सिविल अस्पताल में सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं शुरू- उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक
न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी के साथ कार्डियोलॉजी,स्ट्रोक यूनिट,न्यूरो सर्जरी वार्ड और ऑपरेशन थिएटर ओपीडी का शुभारंभ
लखनऊ। सिविल अस्पताल में बृहस्पतिवार से सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सेवाएं शुरू हो गईं। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और कार्डियोलॉजी की सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी, स्ट्रोक यूनिट, न्यूरो सर्जरी वार्ड और ऑपरेशन थिएटर का शुभारंभ किया। लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के साथ हुए समझौते के तहत अब संस्थान के विशेषज्ञ सिविल के मरीजों को परामर्श व उपचार देंगे। अस्पताल निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता ने बताया कि तीनों ओपीडी सप्ताह में एक-एक दिन चलेंगी।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि इस व्यवस्था का विस्तार प्रदेश के अन्य सरकारी अस्पतालों तक होगा। मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों में समझौते कर विशेषज्ञों की सेवाएं जिला स्तर तक पहुंचाई जाएंगी।इससे गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बार-बार केजीएमयू, लोहिया संस्थान और एसजीपीजीआई नहीं आना पड़ेगा। वहीं, इन संस्थानों पर भी दबाव कम होगा।
स्वाइन फ्लू से घबराने की कोई जरूरत नहीं: उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा, स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। उन्होंने मास्क लगाने और प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी। बुखार या फ्लू जैसे लक्षण होने पर नजदीकी सरकारी अस्पताल में परामर्श लेने की अपील की।
आठ और मरीज मिले : राजधानी में स्वाइन फ्लू के आठ नए मरीज मिले हैं। सभी मरीज होम आइसोलेशन में है। सक्रिय केसों की संख्या 63 हो गई है। सीमएओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि स्वाइन फ्लू के 28 मरीजों में से 25 डिस्चार्ज हो चुके हैं,70 साल के विशेषज्ञों को पुनर्नियुक्ति उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 70 वर्ष की आयु वाले विशेषज्ञ डॉक्टरों को पुनर्नियुक्ति से सरकारी अस्पतालों में सेवा देने का अवसर दिया जाएगा। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) अमित कुमार घोष, सचिव रितु माहेश्वरी, स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण, लोहिया संस्थान के निदेशक डॉ. सीएम सिंह, सीएमएस डॉ. देवेश चंद्र पांडेय आदि थे।



