अलीगढ़वा बॉर्डर का डीएम ने किया निरीक्षण,सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
अलीगढ़वा,सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बुधवार को भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा स्थित अलीगढ़वा बॉर्डर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और एसएसबी के जवानों से सुरक्षा संबंधी विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सीमा पर तैनात एसएसबी जवानों को सतर्कता बरतने और लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमा पर आवागमन करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की अनिवार्य रूप से जांच की जाए। बिना जांच के किसी भी व्यक्ति को सीमा पार करने की अनुमति न दी जाए। जिलाधिकारी ने सीमा सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

