नेपाल और भारतीय सेनाओं के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू
बढ़नी सिद्धार्थनगर। नेपाल और भारत के बीच सैन्य सहयोग एवं आपसी संबंधों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से संयुक्त सैन्य अभ्यास सूर्यकिरण का 20वां संस्करण बुधवार से शुरू हो गया। नेपाल के रुपन्देही जिले के सालझंडी स्थित नेपाली सैनिक बैटल स्कूल में आयोजित अभ्यास का शुभारंभ मध्य पश्चिम पृतना मुख्यालय के पृतनापति उपरथी पूर्ण बहादुर खत्री ने किया। दोनों देशों की बटालियन स्तर की सैन्य टुकड़ियां इस संयुक्त अभ्यास में हिस्सा ले रही हैं। यह अभ्यास आठ दिसंबर तक चलेगा। नेपाल और भारत में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस अभ्यास का 19वां संस्करण भारत के पिथौरागढ़ में संपन्न हुआ था। अभ्यास के दौरान मुख्य रूप से आपदा प्रबंधन, जंगल युद्धकला और मानवीय सहायता जैसे विषयों पर दोनों देशों के सैनिक सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। नेपाली सेना के अनुसार, इस दौरान दोनों देशों के सैनिक अपने अनुभव और कार्यकुशलता का भी आदान-प्रदान करेंगे,नेपाली सेना का मानना है कि इस तरह के संयुक्त सैन्य अभ्यास से नेपाल और भारत के बीच लंबे समय से कायम मैत्रीपूर्ण संबंध और प्रगाढ़ होंगे। साथ ही दोनों देशों के सैनिकों की पेशेवर दक्षता, क्षमता और आपसी समझ भी बढ़ेगी।सोर्स विज्ञप्ति।

