जिले में चीनी की कालाबाजारी रोकने के लिए चलाया गया छापेमारी अभियान,पांचों तहसीलों में स्टॉक की जांच
सिद्धार्थनगर। चीनी की कालाबाजारी और जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर सोमवार को जिले की सभी पांचों तहसीलों में प्रशासनिक टीमों ने छापेमारी अभियान चलाया। थोक व्यापारियों के गोदामों में उपलब्ध चीनी के स्टॉक की जांच की गई।
बांसी तहसील में उपजिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी और जिला खाद्य विपणन अधिकारी की टीम ने चीनी के थोक व्यापारियों के यहां पहुंचकर स्टॉक का सत्यापन किया। जांच के दौरान व्यापारियों के पास चीनी निर्धारित स्टॉक सीमा के भीतर पाई गई। अधिकारियों ने व्यापारियों को गोदाम में उपलब्ध चीनी का प्रतिदिन स्टॉक विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही थोक और फुटकर चीनी के दामों में युक्तिसंगत अंतर रखने तथा फुटकर दुकानदारों को अनावश्यक रूप से अधिक कीमत पर चीनी न बेचने की हिदायत दी गई।
जिलाधिकारी द्वारा गठित टीमों ने जिले की सभी पांचों तहसीलों में चीनी के स्टॉक की जांच की। व्यापारियों को प्रत्येक शुक्रवार को चीनी के स्टॉक का ऑनलाइन विवरण दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को भी कहा गया है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि जनपद में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, इसलिए उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है। चीनी की कालाबाजारी, जमाखोरी या ओवररेटिंग से संबंधित शिकायत मोबाइल नंबर 9565772025 पर की जा सकती है।

