डीएम की अध्यक्षता में “MSME” योजनाओं की कार्यशाला में उद्यमियों को दी गई जानकारी
UDYAMI LAUNCH PAD के अंतर्गत MSME योजनाओं पर कार्यशाला आयोजित की गई
संवाददाता, सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में मंगलवार को लोहिया कला भवन में उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय की ओर से उद्यम लॉन्च पैड के तहत एमएसएमई योजनाओं पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जिलाधिकारी ने कहा कि शासन के निर्देश पर आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं और इच्छुक लोगों को स्वरोजगार तथा उद्यम स्थापित करने की योजनाओं की जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि उद्योग विभाग द्वारा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद में इस प्रकार की और कार्यशालाएं आयोजित किए जाने की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार के अवसरों और सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके।
जिलाधिकारी ने तहसील स्तर पर भी कार्यशालाएं आयोजित कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक पत्राचार करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर शासन से आए विशेषज्ञों ने पीपीटी के माध्यम से एमएसएमई योजनाओं, स्वरोजगार के अवसरों एवं योजनाओं से मिलने वाले लाभों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कार्यशाला के उद्देश्य का लाभ उठाने की अपील की।

