नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का धरना प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
राहुल गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार की निंदा, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
सिद्धार्थनगर। नीट परीक्षा पेपर लीक के विरोध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और दिल्ली में धरनारत छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना-विरोध प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष काजी सुहेल अहमद के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा गया। धरने को संबोधित करते हुए काजी सुहेल अहमद ने कहा कि नई दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ पुलिस द्वारा कथित दुर्व्यवहार तथा हिरासत में लिया जाना लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। ज्ञापन में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच,व दोषी अधिकारियों व पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई, लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कृष्ण बहादुर सिंह, डॉ. नादिर सलाम,जावेद, मोकीम, राजन श्रीवास्तव, सादिक अहमद, बदरे आलम, सतीश चंद्र त्रिपाठी, इश्तियाक चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

