सिद्धार्थनगर, 10 अप्रैल 2026
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची का किया गया अंतिम प्रकाशन
मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को अंतिम प्रकाशित निर्वाचक नामावली की उपलब्ध कराई गई हार्ड व सॉफ्ट कॉपी
सिद्धार्थनगर: अहर्ता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जनपद में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। इस संबंध में शुक्रवार को प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की अध्यक्षता तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव श्रीवास्तव की उपस्थिति में जिला निर्वाचन अधिकारी कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को अंतिम प्रकाशित निर्वाचक नामावली की हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई गई। साथ ही उन्हें अवगत कराया गया कि जनपद के 2434 मतदेय स्थलों पर संबंधित बीएलओ द्वारा मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी एक सप्ताह तक प्रत्येक मतदेय स्थल पर मतदाताओं की सुविधा के लिए सूची उपलब्ध रहेगी, जिससे अन्ह मतदाता अपने नाम का सत्यापन कर सकें। अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार जनपद में कुल 1,68,055 मतदाता दर्ज किए गए है। जनपद का जेंडर रेशियो 809 तथा ईपी रेशियो 50.20 निर्धारित किया गया है। पुनरीक्षण के दौरान 1,18,541 नए मतदाताओं का नाम जोड़ा गया, जबकि 1,364 नामों का अपमार्जन किया गया। इसके अलावा 21,265 मतदाताओं के नामों में संशोधन किया गया है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए 10 अप्रैल 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है।

