Mon. Jun 29th, 2026

ओमप्रकाश राजभर पर अखिलेश का पलटवार, उनकी बार्गेनिंग पावर खत्म:

ओमप्रकाश राजभर पर अखिलेश का पलटवार, उनकी बार्गेनिंग पावर खत्म;

2027 चुनाव में सपा की सरकार बनी तो अयोध्या का होगा तेज़गति से विकास

आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को आजमगढ़ में पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव के आवास पर आयोजित वैवाहिक समारोह में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत में भाजपा सरकार और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर पर तीखा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने अयोध्या के विकास, कानून-व्यवस्था, लोकतंत्र और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी अपनी बात रखी।

ओम प्रकाश राजभर के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने समाजवादी पार्टी में टूट की बात कही थी, अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि उनकी बार्गेनिंग पावर अब समाप्त हो चुकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब वह वही बयान देते हैं, जो उनसे कहलवाया जाता है। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर इसका जवाब भी देगी।

अयोध्या के विकास को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी विकास की राजनीति में विश्वास करती है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में यदि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो अयोध्या के विकास को और तेज गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था और विकास एक-दूसरे के पूरक हैं और सपा सरकार दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ने का काम करेगी।

अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी ने सरकार को घेरा। हाल के एनकाउंटरों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री से मिलने के बाद भी पीड़ित परिवार संतुष्ट नहीं है तो यह सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उनका आरोप था कि सरकार कानून व्यवस्था के बजाय दबदबा बनाने की राजनीति कर रही है।लोकतंत्र और चुनावी व्यवस्था पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों की रक्षा करना लोकतंत्र की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और समाजवादी पार्टी हमेशा संविधान तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव इस बदलाव का माध्यम बनेगा। किसानों, युवाओं और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता होगी। उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार बनने पर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे, बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। वैवाहिक समारोह में शामिल होने के बाद अखिलेश यादव ने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन को मजबूत करने का संदेश भी दिया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *