प्रदेश में सपा की साइकिल चलेगी तो हर दिन गुंडागर्दी बढ़ेगी,बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगेगी,दंगे होंगे, कर्फ्यू लगेगा: सीएम योगी
2017 से पहले प्रदेश में कट्टे बनते थे, अब बन रहीं ब्रह्मोस मिसाइलें : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने बांग्लादेश से विस्थापित 2500 परिवारों को सौंपे भूमि अधिकार व नागरिकता प्रमाणपत्र
सपा मुखिया को या तो सद्बुद्धि आ गई है या जनता को भ्रमित कर रहे हैं
बरेली। प्रदेश में सपा की साइकिल चलेगी तो आए दिन दंगे होंगे, कर्फ्यू लगेगा,गुंडागर्दी बढ़ेगी,बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगेगी। इसीलिए जनता ने वर्ष 2017 में साइकिल को पंचर कर दी। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) सिर्फ तुष्टीकरण की राजनीति करती हैं। कांग्रेस की सत्ता लोलुपता से देश का बंटवारा हुआ। दो करोड़ लोग बेघर हुए। दस लाख लोगों का कत्लेआम हुआ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि अगर जिन्ना अपनी मौत से मर गया होता तो पाकिस्तान नहीं होता। लोग बेघर नहीं होते। ये बातें मुख्यमंत्री ने सोमवार को बरखेड़ा के पतरासा कुंवरपुर में आयोजित जनसभा में कहीं।उन्होंने कहा कि सपा का विकास का एजेंडा सिर्फ सैफई तक है। इन्हें दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों से कोई सरोकार नहीं है। पूर्वी पाकिस्तान (अब बांग्लादेश) से विस्थापित हिंदू, जैन, सिख, बौद्ध धर्म को मानने वाले करीब 55 हजार परिवार अपने अधिकार के लिए भटक रहे थे। 55 वर्ष बाद उनको चरणबद्ध तरीके से अधिकार दिलाने का अभियान चलाया जा रहा है। इसकी शुरुआत पीलीभीत से हुई है।सीएम ने मंच से ऐसे 2,143 परिवारों को भौमिक अधिकार प्रमाणपत्र दिए। 106 लोगों को नागरिकता संशोधन अधिनियम के तहत नागरिकता प्रमाणपत्र और उपनिवेशन के तहत 2,444 परिवारों को प्रमाणपत्र दिए। इस दौरान उन्होंने बरखेड़ा और बीसलपुर के विकास से जुड़ीं 569.11 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया।
मुरादाबाद। मुख्यमंत्री ने सोमवार को मुरादाबाद में आयोजित जनसभा में कहा कि अयोध्या को स्वीकार करना हमारी वैचारिक विजय है। सपा मुखिया के हालिया बयानों को देखकर ऐसा लगता है कि या तो उन्हें सद्बुद्धि आ गई है या फिर वह जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। अब उन्हें अयोध्या को स्वीकार करना पड़ रहा है। वह कहते हैं कि सरकार बनी तो अयोध्या को चमकाएंगे। सत्ता में रहते हुए जिन्होंने अयोध्या और रामभक्तों की उपेक्षा की, वह अब रामभक्तों के हितैषी बनने का दिखावा कर रहे हैं। जनता वास्तविकता को समझती है। उन्होंने कहा कि एक दिन सपा के नेता भी राम नाम का संकीर्तन करेंगे और रामभक्तों पर गोली चलवाने पर पश्चाताप करेंगे।
सीएम योगी ने रक्षा उत्पादन और कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए कहा, पहले उत्तर प्रदेश की पहचान अवैध हथियारों के निर्माण से जोड़ दी गई थी, जबकि आज प्रदेश रक्षा उत्पादन का बड़ा केंद्र बन रहा है। पहले कट्टे बनते थे, अब ब्रह्मोस मिसाइलें बन रही हैं। डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के माध्यम से प्रदेश अत्याधुनिक रक्षा उपकरणों के निर्माण का केंद्र बन रहा है। इससे प्रदेश में निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास को नई गति मिल रही है।

