समाज सेवी व युवा नेता अनिल चौधरी की अगुवाई में जारी धरना-प्रदर्शन ठेकेदार के आश्वासन के बाद समाप्त! शीघ्र ही कार्य शुरू कराने का दिया भरोसा
बारिश में राहगीरों की भारी मुसीबत, टेण्डर के बाद भी नहीं शुरू हुआ सड़क निर्माण कार्य
शोहरतगढ़ से न्यूज 17 इंडिया संवाददता कौशलेश मिश्र की रिपोर्ट…
शोहरतगढ़ सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ विधान सभा क्षेत्र के पकड़ी चौराहे से मस्जिदिया-पिपरी होते हुए देवकलीगंज व सहजनवा तक जाने वाला प्रमुख सम्पर्क मार्ग पिछले करीब 02 वर्षों से बदहाल और जर्जर स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्डे, जलभराव और कीचड़ के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों तथा वाहन चालकों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में हालात और अधिक गम्भीर हो गये हैं। वहीं सड़क मार्ग के शीघ्र निर्माण की मांग को लेकर समाजसेवी एवं अपना दल (एस) शिक्षा मंच के प्रदेश सचिव अनिल चौधरी ने 13 जुलाई 2026 को धरना-प्रदर्शन कर सम्बन्धित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने की घोषणा की थी। हालांकि, निर्माण कार्य के ठेकेदार अजय कुमार सिंह द्वारा 14 जुलाई से कार्य प्रारम्भ कराने का आश्वासन दिये जाने के बाद प्रस्तावित धरना फिलहाल स्थगित कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेसर्स सिंह ट्रेडर्स के प्रोपराइटर एवं ठेकेदार अजय कुमार सिंह को इस सड़क निर्माण कार्य का 27 मार्च 2026 को बांड स्वीकृत हो चुका था। इसके बावजूद विभिन्न कारणों से अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका, जिससे क्षेत्रीय लोगों में लगातार नाराजगी बनी हुई है। आपको बता दें कि उक्त सड़क मार्ग क्षेत्र के दर्जनों गांवों की जीवनरेखा माना जाता है। हल्की बारिश होते ही सड़क तालाब का रूप ले लेती है। विशेष रूप से पकड़ी चौराहे के समीप नाली निर्माण न होने के कारण बरसात का पानी सड़क पर ही जमा रहता है, जिससे फिसलन बढ़ जाती है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। आये दिन दोपहिया वाहन चालक गड्डों में फंसकर गिर जाते हैं, जबकि पैदल राहगीरों और स्कूली बच्चों को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण का टेण्डर हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं कराया गया। जिससे क्षेत्रवासियों मे काफी आक्रोश है।
समाज सेवी व युवा नेता अनिल चौधरी ने इस सम्बन्ध में कई बार
जनप्रतिनिधियों एवं सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई, फिर भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। वहीं बरसात शुरू होने के बाद सड़क की स्थिति और भी दयनीय हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली का सबसे अधिक असर मरीजों, छात्रों, किसानों और व्यापारियों पर पड़ रहा है। कई गांवों के लोगों को आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग से अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है। क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि पकड़ी चौराहे पर नाली निर्माण के साथ-साथ सड़क निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए, ताकि जलभराव, कीचड़ और दुर्घटनाओं की समस्या से लोगों को राहत मिल सके। अब क्षेत्र की निगाहें ठेकेदार अजय सिंह के उस आश्वासन पर टिकी हैं, जिसके अनुसार 14 जुलाई से निर्माण कार्य शुरू किया जायेगा। यदि तय समय पर कार्य प्रारम्भ नहीं हुआ तो क्षेत्रवासियों ने पुनः आन्दोलन का रास्ता अपनाने की चेतावनी दी है।

