देवरहा बाबा आश्रम में मनाई गई बाबा की 36वीं पुण्यतिथि
मईल में स्थित संत देवरहा बाबा आश्रम पर बाबा की 36वीं पुण्यतिथि में पहुंचे श्रद्धालु भक्त व पीठाधीश्वर श्यामसुंदर दास
सुबह से ही देवरहा बाबा आश्रम में लगा रहा श्रद्धालु भक्तों का तांता, पूजन-अर्चन करने के बाद देर शाम वापस लौटे श्रद्धालु भक्त
गूगल फाईल चित्र।
देवरिया। देवरहा बाबा आश्रम, गांव मइल, तहसील बरहज, देवरिया में सरयू नदी के किनारे स्थित है। देवरहा बाबा भारत के इतिहास में सबसे महान योगी (संत) में से एक थे,बाबा की 36वीं पुण्यतिथि योगिनी एकादशी पर धूमधाम से मनाई गई। पुण्यतिथि पर हिस्सा लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त आश्रम पहुंचे, और पूजा अर्चन कर देर शाम वापस लौट गए। पुण्यतिथि के चलते दिन भर आश्रम में श्रद्धालुओं की चहल-पहल रही।
आश्रम में पुण्य तिथि के अवसर पर एक सप्ताह पहले से ही भजन-कीर्तन व हवन तथा पूजन चल रहा था। आश्रम के पीठाधीश्वर योगी आचार्य श्यामसुन्दर दास ने बाबा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर आरती पूजन कर प्रसाद का वितरण किया,इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया। पीठाधीश्वर ने कहा कि बाबा की साधना शुरू से ही सरयू नदी के तट पर मईल देवार क्षेत्र मे रही, यहां के कण कण मे आज भी देवरहा बाबा बसते हैं,
उन्होंने बताया कि यहां पर बाबा ने लम्बे समय तक तपस्या की।देवरहा बाबा, रामानुज आचार्य के बाद 11वें ऐसे सन्यासी थे जो कई संतों, योगियों, पुजारियों, अमीर और गरीब लोगों को आशीर्वाद और आध्यात्मिक ज्ञान देते थे।जो भी सच्चे मन से बाबा को याद करता है, उनकी हर मनोकामना पूर्ण होती है। बाबा कहा करते थे कि गौ सेवा गौ रक्षा से ही सबका कल्याण होगा। क्योंकि गौ माता के रोम रोम में देवताओं का वास होता है। इस अवसर पर हरनाम दास, कन्हैया दास, विष्णुदास शास्त्री, पूर्व विधायक स्वामीनाथ यादव, डा. राममनोहर त्रिपाठी, वीरेंद्र चौधरी, सुधाकर यादव, रोहित कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे। बाबा की पुण्य तिथि पर स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया,जिसमें 130 मरीजों का उपचार हुआ।

