सिद्धार्थनगर: 14 जुलाई 2026
कपिलवस्तु विधायक ने क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु मुख्यमंत्री योगी से की मुलाकात
सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्यामधनी राही ने मंगलवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न विषयों पर मुख्यमंत्री से विस्तार से चर्चा की।
मुलाकात करने के बाद कपिलवस्तु विधायक ने जानकारी दी कि क्षेत्र की प्रमुख विकास परियोजनाओं, जैसे सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य जनसुविधाओं को और बेहतर बनाने के संबंध में अवगत कराया। साथ ही क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने विधायक को प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने तथा विकास कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
विधायक श्यामधनी राही ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराया जाएगा।

