एसडीएम डुमरियागंज व कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने निरीक्षण में अनियमितता मिलने पर खाद वितरण के चार दुकानों के लाइसेंस को किया निलंबित
एसडीएम डुमरियागंज व कृषि विभाग की टीम द्वारा की गई कार्रवाई से खाद कारोबारियों में मचा हड़कंप
सिद्धार्थनगर।एसडीएम डुमरियागंज विवेकानंद मिश्र और कृषि विभाग के संयुक्त टीम ने उर्वरक वितरण व्यवस्था की नियमित जांच एवं निरीक्षण अभियान में बुधवार को विभिन्न उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर खाद और उर्वरक की चार दुकानों का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। एसडीएम विवेकानंद मिश्र ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निम्नलिखित उर्वरक विक्रय प्रतिष्ठानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।इसमें अल्महा खाद भंडार, चकचई, अब्दुल रहमान, हसीनाबाद, सुभाष खाद भंडार, भवानीगंज, तथा अब्दुल्ला खाद भंडार, भड़रिया शामिल हैं।दो दुकानदार कार्रवाई के डर से दुकान बंद कर फरार हो गए थे।उन्होंने बताया कि संबंधित प्रतिष्ठानों को अगले आदेश तक उर्वरक का क्रय-विक्रय एवं भंडारण करने से प्रतिबंधित किया गया है। यह कार्रवाई उर्वरक (नियंत्रण) आदेश एवं प्रचलित शासनादेशों के अंतर्गत की गई है। उपजिलाधिकारी डुमरियागंज और जिला कृषि अधिकारी ने सभी उर्वरक विक्रेताओं से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों एवं शर्तों का पूर्णतः पालन करें तथा उर्वरकों का विक्रय केवल निर्धारित मानकों के अनुसार करें।नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

