पूर्व विधायक डुमरियागंज ने पवित्र सावन मास में मांस की दुकानें अस्थायी रूप से बंद कराने हेतु डीएम को लिखा पत्र
डुमरियागंज सिद्धार्थनगर। पवित्र पावन सावन मास के शुभारंभ को देखते हुए पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर जनपद में कांवड़ यात्रा एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति, सौहार्द और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्था सुदृढ़ किए जाने की मांग की है,पूर्व विधायक ने डीएम को भेजे गए पत्र में मांग किया है कि पवित्र सावन मास के दौरान डुमरियागंज सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कांवड़ यात्रा एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। ऐसे में जनभावनाओं का सम्मान करते हुए सावन मास की अवधि में डुमरियागंज समेत प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्थित मांस की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद कराया जाना उचित होगा।उन्होंने पत्र में यह भी मांग किया है कि कि मांस विक्रय से संबंधित दुकानों एवं होटलों के नामों की जांच कर उन्हें आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं के बीच किसी प्रकार का भ्रम उत्पन्न न हो और व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे।
पूर्व विधायक डुमरियागंज ने धार्मिक अवसर की गरिमा बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस एवं प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी बात कही है, जिससे सावन मास के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो तथा श्रद्धालु शांतिपूर्ण वातावरण में अपने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर सकें। जिलाधिकारी को प्रेषित पत्र में उन्होंने जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मामले पर संवेदनशीलता पूर्वक विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है।

