सीएचसी लटेरा की व्यवस्थाओं को लेकर पूर्व विधायक डुमरियागंज ने जताई नाराजगी
डुमरियागंज सिद्धार्थनगर। विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण के दौरान रविवार को स्थानीय लोगों के आग्रह पर पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लटेरा पहुंचे। यहां बडी संख्या में क्षेत्रवासी अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर अपनी समस्याएं बताते हुए नाराजगी जताते मिले। पूर्व विधायक ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और लोगों की समस्याएं सुनीं। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में उपयोग होने वाली कुछ मशीनें हटा दी गई हैं। इसके अलावा अस्पताल में तैनात स्टाफ नर्स अर्चना भारती के स्थानांतरण को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। मामले को लेकर पूर्व विधायक ने जिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों से वीडियो काल और दूरभाष के माध्यम से वार्ता की। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा स्टाफ नर्स अर्चना भारती के स्थानांतरण पर पुनर्विचार कर उन्हें दोबारा यथास्थान तैनात करने की बात कही।
पूर्व विधायक ने कहा कि सीएचसी लटेरा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। यहां बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुडे प्रत्येक विषय पर वह जनता की आवाज बनकर संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे। इस संबंध में पूर्व विधायक ने अस्पताल की व्यवस्थाओं, मशीनों और स्टाफ नर्स के स्थानांतरण को लेकर अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है।

