Sat. Sep 12th, 2026

त्योहारों से पहले हर हाल में ठीक करें बाढ़-वर्षा से हुई क्षतिग्रस्त सड़कें- मुख्यमंत्री योगी

त्योहारों से पहले हर हाल में ठीक करें बाढ़-वर्षा से हुई क्षतिग्रस्त सड़कें- मुख्यमंत्री योगी

मुख्यमंत्री ने गड्ढों को भरकर वाहनों के चलने योग्य बनाने के बैठक में दिए निर्देश

लखनऊ में शुक्रवार को सरकारी आवास पर लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ-

निज संवाददाता,लखनऊ :मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी त्योहारों से पहले वर्षा और बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों को युद्धस्तर पर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों के गड्ढे तत्काल भरकर उन्हें वाहनों और राहगीरों के आवागमन योग्य बनाया जाए। वर्षा समाप्त होने के बाद जरूरत के अनुसार सड़कों का स्थायी नवीनीकरण भी तेजी से कराया जाए। मुख्यमंत्री ने 681 महत्वपूर्ण मार्गों के साथ शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों और प्रमुख बाजारों तक जाने वाली सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को वर्षा व बाढ़ से क्षतिग्रस्त लोक निर्माण विभाग समेत अन्य विभागों की सड़कों की समीक्षा के दौरान कहा कि वर्षा अभी जारी है, इसलिए सड़कों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए। वर्षा के कारण नए क्षतिग्रस्त मार्गों का भी तत्काल सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी पर्वों और त्योहारों में बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होगा। ऐसे में प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित नहीं होना चाहिए और त्योहारों से पहले मरम्मत का काम हर हाल में पूरा कर लिया जाए।

मुख्यमंत्री योगी ने स्पष्ट किया कि गड्ढामुक्ति अभियान केवल पैचवर्क तक सीमित नहीं रहना चाहिए। वर्षा समाप्त होने के बाद जिन सड़कों को स्थायी मरम्मत या नवीनीकरण की जरूरत है, वहां गुणवत्तापूर्ण काम कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कें आम आदमी के जीवन से सीधे जुड़ी हैं, इसलिए मरम्मत कार्य में तेजी के साथ गुणवत्ता का भी पूरा ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, मंडी परिषद, पंचायती राज, सिंचाई, ग्राम्य विकास, नगर विकास, आवास एवं शहरी नियोजन तथा अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग की कार्ययोजनाओं की समीक्षा की।

क्षतिग्रस्त मागों का विभागवार सर्वे शुरू: बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि अतिवृष्टि के अलावा एक्सप्रेसवे, राष्ट्रीय राजमार्ग और रेलवे परियोजनाओं के निर्माण के चलते भारी वाहनों की आवाजाही से भी कई सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इनका विभागवार सर्वे कराया जा रहा है। गणेश चतुर्थी, विश्वकर्मा पूजा, नवरात्र, दीपावली, छठ पूजा और कार्तिक पूर्णिमा जैसे प्रमुख पर्वों को देखते हुए 681 महत्वपूर्ण मार्ग चिह्नित किए गए हैं। प्रदेश में नौ विभागों के अधीन करीब 4.36 लाख किलोमीटर सड़कें हैं,जिनमें लगभग 50 हजार किलोमीटर मार्गों को गड्ढामुक्त किया जाना है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *