उद्योग व्यापार संगठन बांसी के प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी मंत्री अनिल राजभर को सौंपा गया 4 सूत्रीय ज्ञापन
बांसी, सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन तथा जनपद के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर से मुलाकात कर बांसी के सर्वांगीण विकास और व्यापारियों के हित से संबंधित 4 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी मंत्री का ध्यान बांसी क्षेत्र की प्रमुख स्थानीय और व्यापारिक समस्याओं की ओर आकर्षित करते हुए जल्द से जल्द उचित कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बांसी शहर को भीषण ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने के लिए आधुनिक बस डिपो तथा बाईपास/रिंग रोड का निर्माण कराया जाए। व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ‘व्यापारी सुरक्षा सेल’ की नियमित बैठकें आयोजित की जाएं और प्रमुख बाजारों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। बांसी बाजार में जर्जर और लटकते बिजली के तारों को अंडरग्राउंड किया जाए ताकि निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनी रहे और हादसों पर रोक लगे। स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने तथा प्रसिद्ध ‘काला नमक चावल’ जैसे स्थानीय कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहन देने हेतु लघु उद्योग पार्क की स्थापना की जाए।
इस दौरान संगठन के अध्यक्ष मंगल प्रसाद चौरसिया, हरगोविंद साहू, जितेंद्र मिश्रा, संजय श्रीवास्तव, राजेश गुप्ता, महेश राज वर्मा, जीवन अग्रहरि, मनीष वर्मा, उमेश कश्यप और तेज बहादुर अग्रहरि सहित संगठन के कई पदाधिकारी व प्रमुख व्यापारी उपस्थित रहे। मंत्री अनिल राजभर ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए सभी जायज मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

