Thu. Jul 16th, 2026

कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही की अगुवाई में प्राचीन जगन्नाथ मंदिर से निकाली गई भव्य शोभा रथयात्रा: बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल

कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही की अगुवाई में प्राचीन जगन्नाथ मंदिर से निकाली गई भव्य शोभा रथयात्रा: बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल

सिद्धार्थनगर। लोटन बाजार स्थित प्राचीन भगवान जगन्नाथ स्वामी मंदिर से आषाढ़ शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गाजे-बाजे, शंखध्वनि और जयघोष के बीच भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली गई। श्रद्धा और उल्लास से सराबोर रथयात्रा में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। यात्रा को लेकर पूरे कस्बे में भक्तिमय माहौल बना रहा।

लोटन बाजार के दक्षिण घोघी नदी तट पर स्थित प्राचीन भगवान जगन्नाथ स्वामी मंदिर से निकली रथयात्रा उड़ीसा के श्रीजगन्नाथ धाम की परंपरा के अनुरूप आयोजित की गई। मंदिर में स्थापित चंदन की लकड़ी से निर्मित भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा की प्रतिमाओं को सुसज्जित ट्रॉली पर विराजमान कर पूरे कस्बे का भ्रमण कराया गया। रथयात्रा मंदिर से निकलकर लोटन कोतवाली, पेट्रोल पंप होते हुए मुख्य बाजार का भ्रमण कर पुनः मंदिर परिसर पहुंची। समापन पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान की प्रतिमाओं को पुनः स्थापित किया गया।

रथयात्रा का शुभारंभ सदर विधायक श्यामधनी राही, ब्लॉक प्रमुख आशीष सिंह, ग्राम प्रधान प्रदीप मोदनवाल, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान व रामनेवास यादव, भाजपा नेता सत्यप्रकाश राही, मंडल अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार शुक्ल तथा प्रधान संघ अध्यक्ष अरविंद मणि त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से किया।

मंदिर के महंत हनुमान दास ने बताया कि लोटन में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा की शुरुआत वर्ष 2002 में तत्कालीन जिलाधिकारी एन.एन. पाण्डेय के प्रयास से हुई थी। तभी से प्रतिवर्ष उड़ीसा के जगन्नाथ धाम की तर्ज पर यह परंपरा निरंतर निभाई जा रही है।

सदर विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा हमारी सनातन संस्कृति, आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य करते हैं।

भगवान जगन्नाथ रथयात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। लगभग एक दर्जन थानों की पुलिस, ट्रैफिक पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की टीमें पूरे मार्ग पर तैनात रहीं। एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी रथयात्रा के साथ मौजूद रही।इस दौरान दृगनारायण सिंह, श्रवण पाण्डेय , पवन मोदनवाल, प्रेमचंद मोदनवाल, शिवम विश्वास, अमितेश्वर शुक्ला, हेमंत सिंह, फूलचंद कन्नौजिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *