Wed. Jul 29th, 2026

पथरा डिडई जर्जर सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों का फूटा अक्रोश, धरना प्रदर्शन कर किया चक्का जाम!शीघ्र सड़क निर्माण हेतु अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

पथरा डिडई जर्जर सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों का फूटा अक्रोश,धरना प्रदर्शन कर किया चक्का जाम!शीघ्र सड़क निर्माण हेतु अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

डुमरियागंज,सिद्धार्थनगर। लोक निर्माण विभाग की पथरा डिडई सड़क के निर्माण का धर्मार्थ योजना के अंतर्गत प्रस्तावित टेंडर निरस्त होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं प्रधान संघ अध्यक्ष डुमरियागंज सुनील पाठक के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मंगलवार को धरना-प्रदर्शन करते हुए मार्ग जाम कर दिया, जिससे कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार महबूब आलम एवं पथरा थानाध्यक्ष ओम प्रकाश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपकर सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत कराया तथा शीघ्र गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की मांग की।

धरने को संबोधित करते हुए सुनील पाठक ने कहा कि पथरा डिडई पीडब्ल्यूडी मार्ग वर्षों से जर्जर अवस्था में है। बरसात के दौरान सड़क पर बड़े-बड़े गड्डों और जलभराव के कारण लोगों का आवागमन दूभर हो जाता है। उन्होंने कहा कि इस सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि यदि किसी गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाया जाए तो आशंका है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में ही प्रसव हो जाए। यह मार्ग मरीजों, स्कूली बच्चों, किसानों और आम राहगीरों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन चुका है। प्रशासन को तत्काल इस सड़क का गुणवत्तापूर्ण निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराना चाहिए।

ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क का पूर्व में निर्माण कराया गया था, लेकिन गुणवत्तापूर्ण कार्य न होने के कारण कुछ ही समय में सड़क फिर से गड्डों में तब्दील हो गई। अब धर्मार्थ योजना के तहत प्रस्तावित निर्माण का टेंडर निरस्त होने से क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने मांग की कि लोक निर्माण विभाग शीघ्र नई निविदा जारी कर सड़क का स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित कराए।
प्रदर्शन में क्षेत्र के तमाम ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *