Thu. Aug 20th, 2026

यूपी में कोटेदारों का 35 रुपये बढ़ेगा लाभांश: अब कोटेदार कहे जाएंगे अन्नपूर्णा भवन संचालक

यूपी में कोटेदारों का 35 रुपये बढ़ेगा लाभांश: अब कोटेदार कहे जाएंगे अन्नपूर्णा भवन संचालक

मुख्यमंत्री योगी ने कोटेदारों का लाभांश 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल करने की घोषणा की

योगी ने सरकारी राशन की सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलिवरी के अंतर्गत ई-पास आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का किया लोकभवन में शुभारंभ

लखनऊ,: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रदेश के 78 हजार से अधिक राशन कोटेदारों (उचित दर विक्रेताओं) को खुशखबरी सुनाते हुए उनका लाभांश 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल करने की घोषणा की। यह भी कहा कि 35 रुपये की इस वृद्धि के अतिरिक्त राज्य की ओर से केंद्र सरकार को पत्र लिखकर लाभांश 25 रुपये और बढ़ाने की मांग की गई है। सरकारी राशन की सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलिवरी के अंतर्गत ई-पास आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का लोकभवन में शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने विगत साढ़े नौ वर्षों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली में आए बदलावों का उल्लेख करते हुए कोटेदारों से कहा कि अब कोई आप पर अंगुली नहीं उठा सकता है जबकि 2017 के पहले सपाई गरीब का राशन कार्ड रख लेते थे जिससे वास्तविक कार्डधारक की भूख से मृत्यु तक हो जाती थी लेकिन अब कोई ऐसा अब नहीं कर सकता है। उन्होंने सरकारी राशन वितरण के लिए बनाए जा रहे अन्नपूर्णा भवनों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब कोटेदार अन्नपूर्णा भवन संचालक कहे जाएंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोटेदार विश्वास के प्रतीक के रूप में अपनी पहचान बनाएं। उचित दर विक्रेता निराश्रित, गरीब, दिव्यांगजन और सरकार के बीच सेतु का काम करते हैं। वर्ष 2017 से पहले राशन सरकार नहीं भेजती थी, गाली कोटेदारों को खानी पड़ती थी। कोटेदार शब्द से लोगों को चिढ़ होती थी। पहले जनता दर्शन में 1000 प्रार्थना पत्र आते थे तो उनमें 300 शिकायतें राशन से जुड़ी होती थीं। अब शिकायत नहीं आती है। 2017 के पहले जो लोग यूपी से दूरी बनाते थे, पिछले साढ़े नौ वर्षों के भीतर वही लोग अब यूपी वालों को गले लगाते हैं। आज राज्य मे 15 करोड़ लोगों को नि:शुल्क राशन मिल रहा है। निराश्रितों, दिव्यांगों का राशन उनके घर तक पहुंच रहा है। दो करोड़ परिवारों को मुफ्त में रसोई गैस के कनेक्शन मिले हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण तेजी से कराने के लिए कहा। यह भी कहा कि राशन वितरण सात से 10 दिन करेंगे, शेष 20 दिन वेयरहाउस का उपयोग कर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं। ‘एक जिला एक उत्पाद’ के उत्पादों की होली-दीवाली बिक्री करेंगे तो स्थानीय कारीगर, हस्,तशिल्पी प्रोत्साहित होंगे। कोटेदारों की पीठ थपथपाते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण के दौरान जब काम-धंधा बंद हुआ तो आपने दाल, नमक और तेल का वितरण शुरू किया,एक भी शिकायत नहीं आई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के आदेश पर उचित दर विक्रेता से जुड़ी दुकानों को अन्नपूर्णा भवन के रूप में निर्मित किया जा रहा है। इस वर्ष इस मद में 500 करोड़ रुपये दिए गए हैं। इन भवनों में दुकान व गोदाम की व्यवस्था होगी। पहले इन दुकानों से केवल राशन बंटता था। अब अन्नपूर्णा भवनों से 39 प्रकार की सामग्रियां बेची जा सकेंगी,बशर्ते वे नशीले,ज्वलनशील पदार्थ या देश, समाज के प्रतिकूल आचरण से जुड़े सामान न हों।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *