यूपी में 3195 करोड़ का निवेश, 10 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
यूपी-जापान निवेश सम्मेलन: सीएम योगी बोले, प्रदेश में करें निवेश, मिलेगा पूरा सहयोग
सरकार घोषणा ही नहीं करती, उसको साकार भी करती है-मुख्यमंत्री योगी
यूपी-जापान निवेश सम्मेलन में निवेशकों को प्रतीक चिह्न देते सीएम योगी
स्रोतः विभाग
लखनऊ/नई दिल्ली। जापान की कंपनियां यूपी में 3000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेंगीं। यूपी जापान निवेश सम्मेलन 2026 के दौरान एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड. और मिंडा कॉर्पोरेशन लिमिटेड. के 3195 करोड़ के प्रोजेक्ट का वर्चुअली भूमि पूजन हुआ। यीडा में लगने वाली इन परियोजनाओं से 10 हजार से अधिक रोजगार सृजित होंगे।सम्मेलन के दौरान प्रमुख कंपनियों के सीईओ व बिजनेस लीडर्स के साथ गोलमेज बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, यूपी में निवेश के लिए हर सहयोग मिलेगा। यहां निवेशकों को प्रशिक्षित व सक्षम मानव संसाधन उपलब्ध होगा। एस्कॉर्ट्स कुबोटा यीडा के सेक्टर-10 में 2029 करोड़ से ट्रैक्टर और उपकरण संबंधी उत्पादों का निर्माण करेगी। मिंडा कॉर्पोरेशन भी यीडा में दो बड़े विनिर्माण प्रोजेक्ट स्थापित कर रही है। कंपनी इन परियोजनाओं में कुल 1166 करोड़ का निवेश करेगी।
सीएम योगी ने सम्मेलन में जापान की कंपनियों के सीईओ व बिजनेस लीडर्स के साथ आयोजित राउंड टेबल बैठक में कहा, कि यूपी आएं और यहां अपनी औद्योगिक एवं कारोबारी गतिविधियों का विस्तार करें।उन्होंने आश्वस्त किया कि निवेशकों के सुझावों और अपेक्षाओं पर गंभीरता से विचार होगा और व्यावहारिक समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा। प्रदेश में बदलते औद्योगिक परिदृश्य के अनुरूप इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी, स्किल्ड मैनपावर और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इसका सीधा लाभ प्रदेश में निवेश करने वाली कंपनियों को मिलेगा। कहा, सरकार सिर्फ घोषणाएं करने में विश्वास नहीं करती, बल्कि उसे धरातल पर उतारती है। पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में आए बदलाव को निवेशक स्वयं देख सकते हैं। कानून-व्यवस्था और निवेश के लिए तैयार नीतियों से आए बदलाव ने यूपी की नई तस्वीर पेश की है।
जापान-यूपी साझेदारी विश्वास और विकास का नया अध्याय-अश्विनी वैष्णव: केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यूपी व जापान के बीच बढ़ती साझेदारी इस विश्वास को और मजबूत करेगी। उन्होंने सीएम योगी को इस पहल के लिए धन्यवाद दिया। कहा, जापान के उद्योग जगत के लिए यूपी में तेजी से अवसर खुल रहे हैं।

