Wed. Jul 29th, 2026

सीएम योगी ने खाद की काला- बाजारी करने वालों पर कठोर कार्रवाई के दिए निर्देश!

सीएम योगी ने खाद की कालाबाजारी करने वालों पर कठोर कार्रवाई के दिए निर्देश!

खाद की कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध अपनाएं जीरो टालरेंस की नीति-सीएम योगी

(फाइल चित्र)

लखनऊः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि खाद की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाए। कृषि व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी खाद वितरण व्यवस्था दुरुस्त रखें और तकनीकी समस्या आने पर तत्काल सुधार कराया जाए। उन्होंने सभी मंडलों में उर्वरक उपलब्धता की नियमित निगरानी के भी निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि सरकार किसानों को फसल संस्तुति के अनुसार पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। प्रदेश में उर्वरक की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है। किसान भ्रामक सूचनाओं व अफवाहों पर ध्यान न दें,और अनावश्यक रूप से उर्वरक भंडारण न करें। पिछले वर्ष की तुलना में इस साल अधिक उर्वरक उपलब्ध कराए गए हैं।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि वर्तमान खरीफ सीजन में एक अप्रैल से 27 जुलाई तक 28.25 लाख टन उर्वरक की बिक्री की जा चुकी है और वर्तमान में 29.05 लाख टन उर्वरक उपलब्ध है। इसमें 14.77 लाख टन यूरिया, 4.81 लाख टन डीएपी, 4.90 लाख टन एनपीके, 3.46 लाख टन एसएसपी और 1.1 लाख टन एमओपी की उपलब्धता है।

वहीं कृषि विभाग ने प्रदेश में उर्वरकों की जमाखोरी, कालाबाजारी, ओवर रेटिंग और टैगिंग आदि रोकने के लिए एक अप्रैल से 28 जुलाई तक 7462 छापे मारे हैं। इस दौरान 1045 नमूने लिए और 25 नमूने अमानक पाए गए। 556 लाइसेंस निलंबित किए गए, 53 निरस्त किए गए, 705 कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। 15 दुकानों की बिक्री प्रतिबंधित की गई और 23 दुकानें सील की गई हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *