डुमरियागंज पुलिस ने दहेज हत्या में और तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, अब तक कुल छह अभियुक्तों की हुई गिरफ्तारी
डुमरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चकमझारी में हुए आसरा खातून की संदिग्ध मौत से जुड़े मामले में हुई है सभी छः अभियुक्तों की गिरफ्तारी
डुमरियागंज,सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चकमझारी गांव में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए शुक्रवार देर शाम तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले ही तीन मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। इस तरह अब तक इस सनसनीखेज मामले में कुल छह आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है। यह मामला चकमझारी गांव निवासी 21 वर्षीय आसरा खातून की संदिग्ध मौत से जुड़ा है। मृतका की मां खलीजुन पत्नी कैश मोहम्मद ने थाने में तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए थे।
तहरीर के अनुसार, आसरा खातून की शादी बीते 30 मार्च को चकमझारी गांव के मोहम्मद कय्यूम पुत्र मोहम्मद रजा से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी में दान-दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष के लोग लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर आसरा को प्रताड़ित करते थे। मां खलीजुन ने बताया कि 27 जून की रात उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी की तबीयत बिगड़ गई है और ससुराल पक्ष के लोग उसे अस्पताल ले गए हैं। लेकिन जब वे जानकारी लेने पहुंचे तो उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पति मोहम्मद कय्यूम, सास मोहरा, ससुर मोहम्मद रजा, जेठ मुस्तफा व सरफराज तथा देवर मोहम्मद अय्यूब ने मिलकर आसरा खातून के साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर दी।
इस मामले में पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई करते हुए बीते मंगलवार को तीन मुख्य आरोपियों- मोहम्मद कय्यूम, मोहम्मद रजा और मोहरा-को कुसहटा गांव के दक्षिण पुलिया के पास से गिरफ्तार किया था। इसके बाद फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई थी। थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि लगातार दबिश के बाद बाकी तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।

