नामांकन कम होने पर डीएम ने 7 बीईओ को नोटिस,पीएम श्री स्कूलों के निरीक्षण के दिए निर्देश
सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की उपस्थिति में शनिवार को सिद्धार्थ सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डीएम ने पीएम श्री स्कूल फेज-1 व फेज-2 के पैरामीटर, निपुण लक्ष्य गाइडलाइन के अनुपालन और मुख्यमंत्री मॉडल आवासीय बालिका विद्यालयों में अतिरिक्त डारमेट्री, कंप्यूटर लैब का काम जल्द पूरा कराने को कहा। नामांकन में प्रगति न मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 44,974 नामांकन हुए हैं। कम नामांकन पर खंड शिक्षा अधिकारी जोगिया, इटवा, डुमरियागंज, खुनियांव और 3-6 वर्ष के बच्चों का नामांकन कम होने पर बांसी, मिठवल, बर्डपुर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि 3 से 6 वर्ष के सभी बच्चों का आंगनबाड़ी में और 5 से 6 वर्ष के बच्चों का स्कूलों में नामांकन सुनिश्चित हो। कोई बच्चा शिक्षा से न छूटे। उन्होंने जिला व ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स से स्कूल निरीक्षण और पीएम श्री स्कूलों की सघन जांच कर रिपोर्ट देने को कहा। इस दौरान उपरोक्त के अतिरिक्त डीसी मनरेगा संदीप सिंह, बीएसए शैलेश कुमार, सभी BEO व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

