गरीब का आवास नष्ट होने पर उसे तुरंत दें आवास- मुख्यमंत्री योगी
सीएम योगी ने बाढ़ से बचाव की व्यापक तैयारी के दिए निर्देश, कम वर्षा वाले क्षेत्रों में सिंचाई संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर जोर
सीएम ने स्थानीय जरूरतों के अनुसार राहत एवं बचाव की रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए,कम वर्षा वाले क्षेत्रों में कृषि प्रभावित न हो
डीएम खुद राहत एवं बचाव कार्यों की मॉनीटरिंग करें,मौसम विभाग, केंद्रीय जल आयोग और नेपाल से प्राप्त जलस्तर सूचनाओं का विश्लेषण कर वज्रपात,अतिवृष्टि, जनहानि पर निर्णय लें
लखनऊ। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नागरिक सुरक्षा और किसानों की आजीविका की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में संवेदनशीलता और समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, कि अग्नि दुर्घटना या बाढ़ में गरीब का आवास नष्ट होने पर उसे सीएम आवास योजना के तहत तत्काल आवास दिया जाए। वह सोमवार को अनियमित वर्षा से सूखे की आशंका और संभावित बाढ़ की समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि खुले मैनहोल ढकवाएं।
मुख्यमंत्री ने बैठक में निर्देश दिए कि डीएम खुद राहत एवं बचाव कार्यों की मॉनीटरिंग करें। मौसम विभाग, केंद्रीय जल आयोग और नेपाल से प्राप्त जलस्तर सूचनाओं का विश्लेषण कर वज्रपात, अतिवृष्टि, जनहानि पर निर्णय लें। खतरे की स्थिति में आबादी को पूर्व सूचना देकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। तटबंधों की नियमित गश्त हो, अराजक तत्वों से नुकसान की आशंका पर सतर्कता बरतें। खुले मैनहोल ढकें और जनसुरक्षा के सभी एहतियाती उपाय सुनिश्चित करें।सीएम ने स्थानीय जरूरतों के अनुसार राहत एवं बचाव की रणनीति तैयार करने को कहा। कम वर्षा वाले क्षेत्रों में कृषि प्रभावित न हो, इसके लिए सिंचाई संसाधनों का अधिकतम उपयोग करें। बोआई और सिंचाई के वास्तविक समय के आंकड़ों की समीक्षा कर किसानों को सहायता दें। राहत आयुक्त कार्यालय का नियंत्रण कक्ष चौबीसों घंटे सक्रिय रहे। हर घंटे की जानकारी सीएम कार्यालय, डीजीपी कार्यालय व संबंधित राहत एजेंसियों को भेजें। राज्य स्तरीय डैशबोर्ड पर स्थिति अपडेट रहनी चाहिए। अगले तीन दिनों में सभी राहत शिविर तैयार हों, जिनमें भोजन, पेयजल, चिकित्सा और स्वच्छता की व्यवस्था हो। बच्चों, महिलाओं, वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और गर्भवती महिलाओं की आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान दें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन की बैठक में जीरो पॉवर्टी अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। पात्र परिवारों को सभी सरकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष टीम गठित कर अंत्योदय कार्ड बनवाने तथा आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास समेत सभी पात्र योजनाओं का लाभ चरणबद्ध तरीके से दिलाने को कहा।सीएम ने पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के दिए निर्देश: सीएम योगी को बैठक में बताया गया कि अभियान के तहत 12.50 लाख परिवारों का सर्वे पूरा हो चुका है। इनमें 9 लाख परिवार पीएम आवास और करीब 5 लाख परिवार मुख्यमंत्री आवास योजना के पात्र मिले हैं। 6.67 लाख परिवारों के पास आयुष्मान कार्ड नहीं हैं, जबकि 5 लाख श्रमिकों का भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकरण हो चुका है। साथ ही 10.60 लाख परिवारों के एक सदस्य को कौशल प्रशिक्षण से जोड़ा जाएगा।
बैठक में मुख्यमंत्री ने लखनऊ नाइट सफारी, ग्रेटर नोएडा मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब (323 में 301 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध, 5 कंपनियों का पंजीकरण), उन्नाव एक्वा ब्रिज, कानपुर पनकी जलापूर्ति परियोजना और बुंदेलखंड औद्योगिक विकास की समीक्षा हुई। लखनऊ में विकसित होने वाले टेक्सटाइल पार्क को सीएम ने प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। सीएम ने सरकारी-निजी मेडिकल कॉलेजों, अस्पतालों व होटलों में अग्नि सुरक्षा मानकों व फायर एनओसी का शत-प्रतिशत पालन, लखनऊ में हाईटेंशन लाइनों की समस्या के समाधान, बिजली फीडरों के विश्लेषण, सांसद-विधायक निधि की परियोजनाओं को समय पर पूरा करने तथा पर ड्रॉप मोर क्रॉप के तहत जल संरक्षण और सूक्ष्म सिंचाई को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

