Sun. Jul 19th, 2026

तहसील समाधान दिवस नौगढ़ में डीएम ने दिए सख्त निर्देश! तीन दिन में शिकायतों के निस्तारण के दिए आदेश

तहसील समाधान दिवस नौगढ़ में डीएम ने दिए सख्त निर्देश! तीन दिन में शिकायतों के निस्तारण के दिए आदेश

जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक एवं प्रभागीय वनाधिकारी द्वारा तहसील परिसर में पौधरोपण भी किया गया

तहसील समाधान दिवस नौगढ़ में 38 शिकायतें पहुंचीं, जिसमे जिलाधिकारी ने भूमि विवादों का मौके पर जांच कराने के दिए निर्देश

न्यूज़ 17 इंडिया संवादाता कौशलेश मिश्र की रिपोर्ट..

सिद्धार्थनगर। नौगढ़ तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण तहसील समाधान दिवस में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन की उपस्थिति में फरियादियों की शिकायतें सुनी गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तहसील दिवस एवं आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।सर्वप्रथम डीएम ने पिछले समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की आख्या का अवलोकन किया और कुछ मामलों में तत्काल जिला स्तरीय टीम गठितकर मौके पर जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि विवादों का निस्तारण केवल अभिलेखों के आधार पर नहीं, बल्कि मौके का निरीक्षण कर किया जाए। शिकायतकर्ता और विपक्षी दोनों की मौजूदगी में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने कानूनगो और लेखपालों को भूमि संपत्ति रजिस्टर तथा भूमिविवाद रजिस्टर तैयार रखने के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायत के निस्तारण से पहले स्थल निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए। किसी भी विभाग का तहसील दिवस का प्रकरण लंबित मिलने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। तहसील समाधान दिवस में कुल 38 शिकायतें प्राप्त हुई। इनमें 30 राजस्व, दो पुलिस, 03 नगरपालिका तथा 03 अन्य विभागों से संबंधित थीं। राजस्व विभाग से संबंधित एक शिकायत का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। जबकि शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तीन दिन के भीतर शत-प्रतिशत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए,कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन, पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन एवं प्रभागीय वनाधिकारी नीला एम द्वारा तहसील परिसर में पौधरोपण भी किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार, परियोजना निदेशक अनिल कुमार, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, तहसीलदार नौगढ़, क्षेत्र के सभी थानाध्यक्ष, खंड विकास अधिकारी तथा अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *