सिद्धार्थनगर रेलवे स्टेशन के दक्षिण तरफ निर्माणाधीन सड़क का कार्य लगभग पूरा,जल्द ही जाम की समस्या से मिलेंगी राहत
शहरवालों के लिए बीच की रेलवे क्रासिंग सबसे बड़ी समस्या है,अब शहर के बीच से गुजरी रेल क्रासिंग पर जाम में नहीं फंसेंगे
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर रेलवे स्टेशन के दक्षिण ओर सड़क व नाला का निर्माण कार्य चल रहा है। नाला का काम तो लगभग पूरा हो चुका है। सड़क भी 75 फीसदी बनकर तैयार है। सड़क बनने का शहरियों को बड़ा फायदा मिलेगा वह अब शहर के बीच से गुजरी रेल क्रासिंग पर जाम में नहीं फंसेंगे। सीधे वह रेलवे स्टेशन तक आसानी से पहुंच सकेंगे। सड़क का निर्माण पुरानी रेलवे क्रासिंग से पुराना बीएसए कार्यालय तक किया जा रहा है।
पिछले कई वर्षों से जब भी कोई मंत्री या रेल अधिकारी आता तो शहरी ज्ञापन देकर दक्षिण ओर सड़क निर्माण की मांग करते थे। लबे अंतराल के बाद दो साल पहले रेल राज्यमंत्री शहर में आए तो लोगों ने समस्याएं गिनाते हुए उनके सामने दक्षिण ओर सड़क निर्माण की मांग रखी। राज्यमंत्री ने जनसमस्याओं का ध्यान में रखते हुए सड़क निर्माण को हरी झंडी दे दी थी। इसके कुछ ही महीने बाद सड़क का निर्माण शुरू हो गया था। नाला का भी निर्माण साथ-साथ शुरू हो गया था। नाला का काम लगभग पूरा हो चुका है लेकिन सड़क निर्माण अब तक 75 फीसदी ही हो चुका है। सड़क निर्माण कार्य पूरा होने पर रेलवे स्टेशन या फिर सोहांस रोड पर जिसे जाना होगा वह इसी रास्ते से बगैर जाम में फंसे निकल सकेगा।

