रक्तदान महादान,रक्त की एक-एक बूंद जीवनदान के समान : विधायक श्यामधनी राही
सिद्धार्थनगर। इंजीनियर्स डे के अवसर पर उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ के तत्वावधान में प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग, सिद्धार्थनगर के परिसर में स्वर्गीय इंजीनियर आर.के. दत्ता की पुण्यतिथि के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित हुए। इस अवसर पर विधायक श्यामधनी राही ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। रक्त की एक-एक बूंद किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को आगे आकर रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना चाहिए।
विधायक ने स्वर्गीय इंजीनियर आर.के. दत्ता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी पुण्यतिथि पर आयोजित रक्तदान शिविर उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है, यह आयोजन समाज में सेवा एवं मानवता का संदेश देने वाला है।कार्यक्रम में अधिशासी अभियंता ई0.कमल किशोर, आयोजक ई0. शम्भूनाथ कुशवाहा, जिला सचिव ई0. चंद्रसेन प्रताप सिंह,लालचंद पटेल, ठेकेदार संघ अध्यक्ष छोटे चौबे, ठेकेदार बृजकिशोर सिंह,अजीत सिंह सहित समस्त आयोजक मंडल एवं रक्तदाता उपस्थित रहे।विधायक श्यामधनी राही ने रक्तदान के सफल आयोजन के लिए समस्त आयोजक मंडल का आभार व्यक्त करते हुए रक्तदाताओं के सेवाभाव की सराहना की। विधायक ने कहा कि रक्तदान करें,और जीवन बचाएं! क्योंकि मानव सेवा ही सर्वोच्च सेवा है।

