डीएम ने भुतहिया के पास बूढ़ी राप्ती नदी पर कटाव निरोधक कार्य का किया निरीक्षण! कार्य की गुणवत्ता पर जताया संतोष
सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने मंगलवार को बूढ़ी राप्ती नदी के बाएं तट पर स्थित लखनापार-बैदोला तटबंध के किलोमीटर 12.100 से 12.450 के मध्य ग्राम भुतहिया के समीप कराए गए कटाव निरोधक कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ड्रेनेज खंड के अधिशासी अभियंता ने जिलाधिकारी को बताया कि यह परियोजना निर्धारित समय सीमा के भीतर 5 जुलाई 2026 को पूर्ण कर ली गई है। परियोजना के तहत मिर्जापुर स्टोन बोल्डरों को वायर क्रेट में भरकर 235 मीटर लंबाई में लॉन्चिंग एप्रन बनाया गया है। इसके अलावा 120 मीटर लंबाई में उच्चतम बाढ़ स्तर तक तथा 115 मीटर लंबाई में भूतल स्तर तक स्टेप स्लोप पिचिंग का कार्य किया गया।
अधिशाषी अभियंता ने बताया कि साथ ही क्षतिग्रस्त शॉर्ट स्पर की मरम्मत एवं पुनर्स्थापन तथा नदी के डाउन स्ट्रीम में परक्यूपाइन स्थापित करने का कार्य भी पूरा किया गया। जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर पूरे निर्माण कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि कार्य स्वीकृत ड्राइंग एवं निर्धारित तकनीकी विशिष्टियों के अनुरूप कराया गया है। निर्माण की गुणवत्ता संतोषजनक मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों की सराहना करते हुए निर्देश दिया कि तटबंध की नियमित निगरानी की जाए, ताकि बाढ़ आने के दौरान ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान ड्रेनेज खंड के अधिशासी अभियंता कृपा शंकर भारती, सहायक अभियंता पंकज कुमार वर्मा, जूनियर अभियंता अमरेश कुमार पाण्डेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

